UKPSC परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, नकल माफियाओं पर कड़ी नजर; परीक्षा केंद्रों पर रहेगा सुरक्षा का कड़ा पहरा
हल्द्वानी, 17 जून 2026। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा 18 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह-ग) सेवा परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और नकल माफियाओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी तथा साइबर कैफे, फोटोकॉपी और प्रिंटिंग सेंटरों की भी निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की नकल, प्रश्नपत्र लीक या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







