
दीपक रावत का बड़ा एक्शन: हल्द्वानी, चंपावत, टनकपुर और किच्छा की जलापूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश
नैनीताल, 4 अगस्त 2026। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को उत्तराखण्ड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की पीआईयू चंपावत और हल्द्वानी के अंतर्गत संचालित पेयजल एवं शहरी विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने चंपावत, टनकपुर, किच्छा और हल्द्वानी में चल रही विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में चंपावत वाटर सप्लाई स्कीम की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2055 तक की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखते हुए 6.8 एमएलडी जल मांग पूरी करने के लिए 240.26 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना 10 सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत 109 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क, 81 किलोमीटर हाइड्रो टेस्टिंग, 1600 घरेलू जल कनेक्शन तथा गधेरा लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और कई स्थानों पर पाइपलाइन की सफल टेस्टिंग भी की जा चुकी है।
किच्छा जलापूर्ति योजना की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2055 तक 31.33 एमएलडी जल मांग पूरी करने के उद्देश्य से 478.66 करोड़ रुपये की परियोजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत 323 किलोमीटर पाइपलाइन, 201 किलोमीटर हाइड्रो टेस्टिंग, 9500 घरेलू जल कनेक्शन, 12 ट्यूबवेल तथा पांच पंप हाउस बनाए जा रहे हैं। इनमें 12 ट्यूबवेलों का कार्य पूरा हो चुका है, चार पंप हाउस तैयार हो चुके हैं जबकि एक का निर्माण अंतिम चरण में है।
बैठक में टनकपुर जलापूर्ति योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत नई पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल और 24×7 पेयजल आपूर्ति व्यवस्था विकसित की जा रही है। वहीं चंपावत योजना के अंतर्गत 3.5 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र, 109 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क और 18 वर्षों के संचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम) की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा है।
इसके बाद आयुक्त ने हल्द्वानी में संचालित इंटीग्रेटेड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (IUIDH-HDW) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत 39,716 घरेलू जल संयोजन, 14 नए ओवरहेड वॉटर टैंक, 13 नए ट्यूबवेल, 122 किलोमीटर सीवरेज नेटवर्क और 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 21,483 घरेलू जल संयोजन स्थापित किए जा चुके हैं, 436 किलोमीटर जल वितरण पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, 10 ट्यूबवेलों की बोरिंग पूरी हो चुकी है तथा 256 किलोमीटर स्थायी सड़क पुनर्स्थापन का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 76 किलोमीटर सीवर लाइन भी बिछाई जा चुकी है और एसटीपी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह में ही आरटीओ रोड, काठगोदाम क्षेत्र में नई पेयजल लाइन से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड और स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, नालियों के निर्माण और अतिक्रमण हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन, जलाशय, जल शोधन संयंत्र और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। जिन स्थानों पर सड़कों की खुदाई की गई है, वहां शीघ्र सड़क पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दीपक रावत ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान किया जाए तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं को तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद हल्द्वानी, चंपावत, टनकपुर और किच्छा के हजारों नागरिकों को आधुनिक, सुरक्षित और निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
बैठक में डिप्टी प्रोग्राम डायरेक्टर कुमाऊँ डिवीजन यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू चंपावत अंकित आर्या, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू हल्द्वानी कुलदीप सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू हल्द्वानी गुरप्रीत सिंह दिओल सहित यूयूएसडीए के अधिकारी, कंसल्टेंट और सुपरविजन टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


