रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट, बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा बल तैनात

SHARE:

रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट, बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा बल तैनात

हल्द्वानी/नैनीताल, 8 सितंबर 2026। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में बनभूलपुरा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में बनभूलपुरा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया। अधिकारियों को न्यायालय के निर्णय के बाद किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कार्रवाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बनभूलपुरा में भारी पुलिस बल की तैनाती
नैनीताल पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एडिशनल एसआई, 10 एलएसआई/एडिशनल एलएसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी की 2 कंपनियां और ड्रोन की 2 विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
विशेष सुरक्षा टीमों की भी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन निगरानी के लिए 2 टीमें, अग्निशमन विभाग की 4 यूनिट, यातायात पुलिस की 4 टीमें, 1 बम निरोधक दस्ता, 2 हॉक पुलिस यूनिट, 2 टियर गैस टीमें, 2 एंटी-रायट टीमें और 2 फायरिंग स्क्वाड शामिल किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाहन एवं संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे।
ड्रोन और सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
संवेदनशील क्षेत्रों में धरातलीय निगरानी के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माहौल खराब करने, लोगों को भड़काने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस की जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से माननीय न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था कायम रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना को आगे प्रसारित न करें। जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए शांति बनाए रखें और कानून का सम्मान करें।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई