
नैनीताल में जलजनित रोगों का बढ़ा खतरा! स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया अभियान, 235 लोगों की स्क्रीनिंग और 150 HAV टेस्ट
नैनीताल। जलजनित रोगों से प्रभावित ज्योलिकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्क्रीनिंग अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमें प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता का कार्य कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए 14416 हेल्पलाइन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे स्वास्थ्य परामर्श लेने की अपील की है। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने को कहा गया है।
सचल स्वास्थ्य वाहन से सूफी और गैठिया में जांच
शुक्रवार को सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से सूफी और गैठिया क्षेत्रों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकता के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मार्तोलिया ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी।
स्वास्थ्य टीमों ने भल्यूटी, गांजा, सरियाताल और ज्योलिकोट क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
235 लोगों की स्क्रीनिंग, 150 HAV रैपिड टेस्ट
रॉयल होटल, सुखताल, पिटारिया, स्टाफ हाउस, 7 नंबर और अयारपाटा क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों ने 235 लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान 150 HAV रैपिड टेस्ट किए गए।
स्वास्थ्य शिविरों एवं सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से कुल 197 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं 30 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए और एक व्यक्ति को टेलीमेडिसिन के माध्यम से काउंसलिंग दी गई।
PHC ज्योलिकोट में 61 मरीजों की जांच, 5 भर्ती
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से आवश्यकता के अनुसार 5 मरीजों को भर्ती किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और स्क्रीनिंग कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता पड़ने पर 14416 हेल्पलाइन के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







