
ज्योलिकोट प्रभावितों को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में निःशुल्क उपचार
नैनीताल, 20 सितंबर 2026। ज्योलिकोट एवं आसपास के जलजनित रोग प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत की खबर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, हल्द्वानी में प्रभावित मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। मरीज के पास आयुष्मान कार्ड हो या नहीं, उपचार के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर अथवा अधिक लक्षण वाले मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर किया जाएगा।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य परीक्षण, जांच, दवा वितरण और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
बेलवाखान, गांजा और ज्योलिकोट में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 87 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 22 लोगों के ब्लड टेस्ट, 69 लोगों की काउंसलिंग और 14 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा दी गई। खुपी क्षेत्र में सचल वाहन से 43 लोगों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 34 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से एक मरीज को भर्ती किया गया।
पेयजल के 11 सैंपल सही पाए गए
राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एचओडी मेडिसिन डॉ. परमजीत सिंह एवं आईडीएसपी नैनीताल के एपिडेमियोलॉजिस्ट नंदन कांडपाल ने ज्योलिकोट के नैंसी कॉन्वेंट कॉलेज एवं पीपीजेएसवी विद्यालय से पेयजल क्लोरीनेशन से संबंधित 11 सैंपल लिए, जो सही पाए गए। हाइड्रोजन सल्फाइड जांच के लिए दो अन्य सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट 24 घंटे बाद प्राप्त होगी।
हेपेटाइटिस-ए के मामले हुए कम
डॉ. परमजीत सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में मरीजों को दिए जा रहे उपचार और लैब रिपोर्टों का विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है और जांच में हेपेटाइटिस-ए के मामले अब काफी कम सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने होटल एवं होमस्टे संचालकों से पेयजल, भोजन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, खाना खाने और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा घर-आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। बुखार, भूख कम लगना, आंखों या पेशाब में पीलापन, उल्टी अथवा दस्त जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई है।
सावधानी ही बचाव है—स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







