नरेश पाण्डे पर पुलिस का शिकंजा: प्राइवेट गनर गिरफ्तार, हथियार सीज, बाउंसरों से पूछताछ
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में घिरे नरेश पाण्डे पर नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने नरेश पाण्डे के साथ घूम रहे तथाकथित बाउंसरों और हथियारबंद गनरों को हिरासत में लेकर सत्यापन, पूछताछ और हथियारों की जांच की। जांच में लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हथियार जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला तब सामने आया जब 14 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 351(2)/69 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में कुछ हथियारबंद लोग और बाउंसर नरेश पाण्डे के साथ घूमकर दहशत फैला रहे हैं। इसके बाद 19 मई 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी बाउंसरों और निजी गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर जांच की।
जांच में सामने आया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपने लाइसेंसी हथियार का उपयोग निजी सुरक्षा के बजाय नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में कर रहा था। पुलिस ने इसे लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा दो बाउंसरों विशेष नाग निवासी पंजाब और मधुसूदन सिंह निवासी अल्मोड़ा के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में हथियारबंद गुंडागर्दी, बाउंसरों के जरिए दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







