रामनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: 80 CCTV खंगालकर पकड़े गए 20 हजार के ईनामी ट्रैक्टर चोर, चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
रामनगर/नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर रामनगर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 70-80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर 10-10 हजार रुपये के दो ईनामी वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार 09 मई 2026 को भवानीपुर निवासी बृजमोहन पुत्र कृपाल सिंह ने कोतवाली रामनगर में अपने ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में एफआईआर संख्या 143/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के लगभग 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध चोरी किए गए ट्रैक्टर को ले जाते दिखाई दिए।
मैनुअल एवं टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान अतीक और सद्दाम निवासी मुरादाबाद के रूप में की, जो पिरूमदारा स्थित स्टोन क्रेशर में चालक का काम करते थे।
19 मई 2026 को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पीरूमदारा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिसके चलते एसएसपी नैनीताल द्वारा उन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
गिरफ्तार आरोपी
अतीक पुत्र हफीज निवासी फरीदनगर वार्ड नं. 7 थाना ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद
सद्दाम पुत्र लड्डन शाह निवासी फरीदनगर वार्ड नं. 7 थाना ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद
पुलिस टीम
उ0नि0 बीरेन्द्र बिष्ट
कानि0 संजय दोसाद
कानि0 विक्रम सिंह
कानि0 विनीत चौहान
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







