सुशीला तिवारी अस्पताल के पास मेडिकल स्टोरों पर छापा, निरीक्षण में खुली लापरवाही की परतें
हल्द्वानी, 30 मई 2026। आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी तथा औषधि एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय के निकट स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शुभ मेडिकल स्टोर और रेहमान मेडिकल स्टोर की जांच की गई। जांच में रेहमान मेडिकल स्टोर पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मेडिकल स्टोर में प्रिस्क्रिप्शन फाइल एवं रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए, सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं थे तथा आवश्यक अभिलेख भी अधूरे मिले। सबसे गंभीर बात यह रही कि निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही रेहमान मेडिकल स्टोर के औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी। संयुक्त टीम ने दोनों मेडिकल स्टोरों में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, नियंत्रित दवाओं के रख-रखाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और दवा बिक्री से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जांच की।
अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को निर्धारित समयावधि में सभी अभिलेख अद्यतन करने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







