नैनीताल में बड़ा एक्शन: 150 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त, 55 पर ₹10 हजार जुर्माना, नियम उल्लंघन पर प्रशासन सख्त
स्वामी के निवास न करने, पार्किंग व्यवस्था न होने और होटल की तरह संचालन पर जिला प्रशासन की कड़ी कार्रवाई
नैनीताल, 30 मई 2026। पर्यटन नगरी नैनीताल में होमस्टे नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है, जबकि 55 इकाइयों पर ₹10,000 प्रति इकाई का अर्थदंड लगाया गया है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर परगना अधिकारियों और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जनपदभर में संचालित होमस्टे इकाइयों का व्यापक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि अनेक होमस्टे इकाइयों में स्वामी स्वयं निवासरत नहीं थे। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था के अभाव में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग, रिसेप्शन स्टाफ रखकर होटल एवं रेस्टोरेंट की तरह संचालन तथा होमस्टे को लीज पर देकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
प्रशासन ने इन अनियमितताओं को होमस्टे नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए सख्त कार्रवाई की। क्षेत्रवार कार्रवाई में तहसील धारी में 19, रामनगर में 20, नैनीताल में 94, कालाढूंगी में 5, हल्द्वानी में 5 तथा कैंची धाम क्षेत्र में 7 होमस्टे इकाइयों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस अवधि में संचालित अन्य होमस्टे इकाइयों की भी निगरानी जारी है और नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य होमस्टे व्यवस्था की मूल अवधारणा को बनाए रखते हुए पर्यटन गतिविधियों में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







