हल्द्वानी में अमेज़न गोदाम में भीषण आग: दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

SHARE:

हल्द्वानी में अमेज़न गोदाम में भीषण आग: दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हल्द्वानी, 06 जून 2026। रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के सामने बने अमेज़न के गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित अमेज़न गोदाम में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
गोदाम में आग अत्यधिक विकराल रूप ले चुकी थी। पुलिस और फायर सर्विस के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद जब गोदाम के अंदर सर्च अभियान चलाया गया तो वहां कार्यरत दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान नरेन्द्र प्रसाद (35 वर्ष), पुत्र सदी राम, निवासी बागजाला, गोलापार तथा अमित आर्य (25 वर्ष), पुत्र प्रताप राम, निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मृत्यु गंभीर रूप से झुलसने एवं अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई