काशीपुर बस स्टैंड पर भटका 4 वर्षीय मासूम, रामनगर चीता पुलिस ने घंटों की मेहनत के बाद परिवार से मिलाया
रामनगर, 06 जून 2026। रामनगर पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। काशीपुर बस स्टैंड पर लावारिस और परेशान हालत में मिले 4 वर्षीय मासूम बालक को चीता मोबाइल पुलिस कर्मियों ने सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार दिनांक 05 जून 2026 को चीता मोबाइल ड्यूटी के दौरान काशीपुर बस स्टैंड रामनगर में 4 वर्षीय इस्माइल पुत्र पप्पू निवासी रामनगर अकेला और घबराया हुआ मिला। बालक अपनी कम उम्र के कारण अपना पूरा पता और परिवार की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रामनगर में तैनात कांस्टेबल अमित गहलोत और कांस्टेबल संजय कुमार ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया और उससे बातचीत कर परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और खोजबीन की।
काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने बालक के माता-पिता रूबिना और पप्पू का पता लगा लिया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने रामनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कर्मियों की प्रशंसा की और उनकी तत्परता की सराहना की।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







