ऑपरेशन प्रहार: मुखानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 लीटर से अधिक अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत मुखानी पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 43 पाउच अवैध कच्ची शराब तथा 96 टेट्रा पैक देशी मसालेदार शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं उनकी टीम ने पीपल पड़ाव की ओर वन विभाग बैरियर से लगभग 300 मीटर आगे चेकिंग के दौरान पूरन सिंह (28 वर्ष) निवासी गूलरभोज, ऊधम सिंह नगर को 43 पाउच (करीब 14.50 लीटर) अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में कांस्टेबल सुनील आगरी एवं उनकी टीम ने छड़ायल चौराहा स्थित ईजा का आशीर्वाद दुकान के पास चेकिंग के दौरान संतोष कुमार (46 वर्ष) निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम को 96 टेट्रा पैक माल्टा देशी मसालेदार शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







