कुमाऊं को मिली नई पुलिस कप्तानी: IG निवेदिता कुकरेती ने संभाली कमान, कैंची धाम मेले की तैयारियों का लिया जायजा
नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुमाऊं परिक्षेत्र का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाने की भी बात कही।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद IG निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुंचीं और आगामी स्थापना दिवस मेले तथा पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी। साथ ही आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







