हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 115.61 करोड़ मंजूर, 13,915 शौचालय और हाईटेक स्वच्छता व्यवस्था होगी तैयार
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की कार्यकारी समिति की 70वीं बैठक में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के लिए प्रस्तावित “एकीकृत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट तथा जनस्वास्थ्य प्रबंधन योजना” को 115.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पूरी तरह केंद्र पोषित इस परियोजना का उद्देश्य कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। योजना के तहत 13,915 शौचालय, 8,065 यूरिनल और 2,000 स्नानगृह स्थापित किए जाएंगे।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 4,840 कूड़ेदान, 31.38 लाख लाइनर बैग, 491 अपशिष्ट संग्रहण वाहन, 15 घाट सफाई मशीनें, 55 फॉगिंग मशीनें, 190 स्प्रेइंग मशीन एवं ट्रैक्टर सहित अन्य आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
परियोजना में ट्रांसफर स्टेशन, गैस आधारित शवदाह गृह और फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का भी प्रावधान है। निगरानी और प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए क्लाउड आधारित डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस स्वीकृति से हरिद्वार कुंभ 2027 के दौरान स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार व्यक्त किया।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







