कैंची धाम जा रहे हैं? पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, नहीं तो रास्ते में फंस सकते हैं!

SHARE:

कैंची धाम जा रहे हैं? पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, नहीं तो रास्ते में फंस सकते हैं!

नैनीताल। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून को आयोजित होने वाले विशाल मेले को देखते हुए नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्यों और जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं तथा पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक शटल सेवा संचालित की जाएगी।
प्रशासन द्वारा जारी योजना के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली, एनसीआर, मुरादाबाद और रामनगर-कालाढूंगी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को सीधे कैंची धाम जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को विभिन्न डायवर्जन प्वाइंटों से होते हुए काठगोदाम और गोलापार क्षेत्र में स्थित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे।
रामपुर रोड और बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को भी तीनपानी तिराहा और गोलापार मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। वहीं रोडवेज बस और रेलगाड़ियों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डों से विशेष शटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
जनपद नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों जैसे रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं और भीमताल से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को विकास भवन भीमताल पार्किंग तथा अन्य निर्धारित स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है, जहां से लगातार शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से भी श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे। साथ ही हल्द्वानी और अल्मोड़ा के बीच यात्रा करने वाले वाहनों को भीमताल, खुटानी, नथुवाखान और रामगढ़ मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
मेले के दौरान भारी माल वाहनों पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक तथा 14 जून की मध्यरात्रि से 16 जून की रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े राशन, फल और सब्जी वाहनों को भी सीमित समय के लिए ही अनुमति दी जाएगी।
केएमओयू और रोडवेज बसों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। 14 जून की दोपहर 2 बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली बसों को भवाली-कैंची धाम मार्ग के बजाय रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
13 जून की सुबह 8 बजे से 16 जून की शाम 4 बजे तक छोटे वाहनों के लिए भी विशेष रूट प्लान लागू रहेगा। हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल और अल्मोड़ा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा और आगे की यात्रा शटल सेवा के माध्यम से कराई जाएगी।
दुपहिया वाहनों और टैक्सी बाइकों के लिए भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। 14 जून की सुबह 8 बजे से 16 जून की शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में समस्त टैक्सी बाइक और दुपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नारीमन तिराहा काठगोदाम, नैनीताल तिराहा कालाढूंगी, विकास भवन भीमताल और भवाली के प्रमुख चौराहों पर इन वाहनों को रोका जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सैनिटोरियम पार्किंग भवाली, जंगलात बैरियर भवाली, विकास भवन भीमताल, खैरना, पनीराम डांबा, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केएमओयू स्टेशन हल्द्वानी और प्रस्तावित आईएसबीटी गौलापार सहित कई स्थानों से शटल सेवा संचालित करने की व्यवस्था की है।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान का अध्ययन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई