
उत्तराखंड में बारिश का कहर: मालदेवता में 233 मिमी वर्षा, नैनीताल जनपद में 8 सड़कें बंद, प्रशासन अलर्ट पर
नैनीताल/देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 233.0 मिमी वर्षा मालदेवता में दर्ज की गई, जबकि हाथीबड़कला में 194.5 मिमी और जौलीग्रांट में 172.2 मिमी बारिश हुई।
कुमाऊं क्षेत्र में भी बारिश का असर देखने को मिला। हल्द्वानी में 83 मिमी, सितारगंज में 57 मिमी और कालाढूंगी में 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं नैनीताल जनपद के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, भारी बारिश के चलते जनपद में एक राज्य मार्ग और सात ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए हैं। प्रभावित मार्गों में गर्जिया–बेतालघाट–खैरना–मुक्तेश्वर मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-62), छीड़ाखान-अधौड़ा-अमगढ़ मार्ग, सूर्या-कोना-ककोड़-खैरशाल मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को सड़कें शीघ्र खोलने के निर्देश दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि जिले में विद्युत, पेयजल और नालों की स्थिति सामान्य बनी हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


