धारा-41 के मामलों में बड़ी कार्रवाई: डीएम के औचक निरीक्षण में राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित, राजस्व निरीक्षक पर विभागीय जांच शुरू
हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के औचक निरीक्षण के दौरान तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है। धारा-41 और पैमाइश से जुड़े मामलों में महीनों से लंबित पत्रावलियां मिलने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण में पाया गया कि कई मामलों में आदेश जारी होने के बावजूद समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व उपनिरीक्षक एवं प्रभारी राजस्व निरीक्षक काठगोदाम संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं तत्कालीन राजस्व निरीक्षक ब्रजेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 के कई प्रकरण अब तक लंबित थे। कुछ मामलों में पैमाइश शुल्क जमा होने की रिपोर्ट कई महीनों बाद प्रस्तुत की गई, जबकि कुछ में निरीक्षण तिथि तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और समयबद्ध सेवा वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


