हल्द्वानी झपटमारी कांड का 48 घंटे में खुलासा: बुजुर्ग महिला का सोने का कुंडल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटने की सनसनीखेज घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में मुखानी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल बरामद कर लिया।
30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवक उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैन्युअल व तकनीकी सर्विलांस की मदद से दोनों संदिग्धों की पहचान की। 1 अगस्त 2026 को रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22 वर्ष) और सूरज जोशी (20 वर्ष) निवासी बिल्सी, बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। अजय के कब्जे से झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने कबाड़ बीनने का काम करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने शानदार कार्य करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


