रामनगर में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण; कमियां मिलने पर नोटिस
रामनगर में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। भवानीगंज, रानीखेत रोड, बस स्टैंड और लखनपुर चुंगी क्षेत्र में करीब आधा दर्जन मिठाई प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दूध, दही, घी, पनीर समेत अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, मानक और लेबलिंग की जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को 7 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश की जानकारी देते हुए अमानकीकृत डेयरी एनालॉग एवं गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध के संबंध में जागरूक किया गया।
5 प्रतिष्ठानों में मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य पदार्थों की जांच से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां ऑनलाइन अपलोड करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 55 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 2 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसके अलावा दो बारों का भी निरीक्षण किया गया। एक बार में आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध नहीं मिलने पर नोटिस जारी कर दो सप्ताह में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अमानकीकृत डेयरी व गैर-दुग्ध उत्पादों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


