हल्द्वानी में खेल इतिहास का नया अध्याय: CM धामी ने ₹43.50 करोड़ के उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास, पहला शैक्षणिक सत्र शुरू

SHARE:

हल्द्वानी में खेल इतिहास का नया अध्याय: CM धामी ने ₹43.50 करोड़ के उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास, पहला शैक्षणिक सत्र शुरू

हल्द्वानी, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। प्रथम चरण के लिए ₹43.50 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया गया।
मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इसके अलावा देवभूमि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय की शुरुआत से उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को राज्य में ही उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को ‘देवभूमि और वीरभूमि’ के साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी स्थापित करना है।

उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ खेल मैदान में उतरें। सरकार उनकी प्रतिभा और सपनों के रास्ते में संसाधनों या आर्थिक कठिनाइयों को बाधा नहीं बनने देगी।

खिलाड़ियों के लिए सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इनके माध्यम से युवा खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था लागू की गई है। अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले 243 खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में सेवायोजित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
23 हाईटेक खेल अकादमियां बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों का मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। लोहाघाट में राज्य का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हो रहा है। इसके अलावा ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के माध्यम से जिलों की खेल पहचान विकसित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग खेल विधाओं के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है और कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।
2027 राष्ट्रीय खेल और ओलंपिक 2036 पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने और ओलंपिक 2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सरकार विशेष रोडमैप पर काम कर रही है।
खेलों में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस के नियमित मूल्यांकन के लिए ‘मौली’ एआई एप्लीकेशन विकसित किया गया है।
पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में एथलेटिक्स की अंकिता, बॉक्सिंग की खुशी चंद, हॉकी की मनीषा चौहान, वॉलीबॉल के रफीक अहमद, कबड्डी की भूमिका और राहुल सिंह, बैडमिंटन के चिराग बरेठा, मनोज सरकार और मनदीप कौर, मॉडर्न पेंटाथलॉन के सक्षम प्रताप सिंह, ब्लाइंड फुटबॉल की शेफाली रावत, पैरा लॉन बॉल की निलिमा राय, शूटिंग के आर्यावंश त्यागी और भूमि सहित विभिन्न खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट प्रशिक्षकों में एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार, बॉक्सिंग कोच बिजेन्द्र मल्ल, शूटिंग कोच अमित, वॉलीबॉल कोच गिरीश कुमार और कबड्डी कोच नितिन कुमार को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, सांसद अजय भट्ट, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *