मंडलायुक्त दीपक रावत के सख्त निर्देश: दाखिल-खारिज और प्रमाण-पत्रों में अनिवार्य होगा स्थलीय सत्यापन

SHARE:

दाखिल-खारिज और प्रमाण-पत्रों के लिए मौके पर सत्यापन अनिवार्य
हल्द्वानी, 26 सितंबर 2026। कुमाऊँ मंडल में दाखिल-खारिज तथा विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों में आवेदक की वास्तविक स्थिति, निवास, आय, परिवार अथवा अन्य तथ्यों का भौतिक सत्यापन आवश्यक है, उनमें संबंधित लेखपाल या पटवारी द्वारा मौके पर जाकर अनिवार्य रूप से स्थलीय सत्यापन किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से ऐसी सूचनाएं सामने आई हैं कि कुछ मामलों में लेखपाल/पटवारी द्वारा अपेक्षित स्थलीय सत्यापन किए बिना ही रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी जाती है। इससे गलत दाखिल-खारिज होने के साथ-साथ भूमि संबंधी विवाद और अनियमितताएं बढ़ने की आशंका रहती है।
जाति, आय, निवास और EWS प्रमाण-पत्रों पर भी विशेष जोर
उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाण-पत्र जैसे मामलों में वास्तविक तथ्यों का सत्यापन बेहद महत्वपूर्ण है। पर्याप्त सत्यापन के अभाव में अपात्र व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र जारी होने अथवा फर्जी प्रमाण-पत्र बनने की संभावना बनी रहती है। मंडलायुक्त ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जनपद में ऐसे कुछ मामले संज्ञान में आए हैं।
फोटो और डिजिटल प्रमाण से होगी निगरानी
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि स्थलीय सत्यापन को केवल औपचारिकता न बनाया जाए। संबंधित अधिकारी या कर्मचारी द्वारा मौके से फोटोग्राफ लेकर उन्हें संबंधित पत्रावली या ऑनलाइन आवेदन से जोड़ा जाए। फोटो में यथासंभव स्थल की पहचान स्पष्ट हो तथा फोटो की तारीख और समय भी उपलब्ध रहे।
भविष्य में GPS/Geo-coordinates अथवा अन्य तकनीकी माध्यमों से निरीक्षण स्थल का डिजिटल सत्यापन सुनिश्चित करने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर स्थलीय सत्यापन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। आवश्यक सत्यापन के बिना रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाए। व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए राजस्व अधिकारियों से समय-समय पर पर्यवेक्षण एवं आकस्मिक जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई