नैनीताल में सख्त भू-कानून का असर: 7 प्रकरणों में 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित

SHARE:

नैनीताल में सख्त भू-कानून के तहत 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित
नैनीताल में सख्त भू-कानून के तहत 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित
नैनीताल में निर्धारित प्रयोजन के विपरीत उपयोग पाए जाने पर 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित।

नैनीताल में सख्त भू-कानून का असर: 7 प्रकरणों में 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित

नैनीताल, 26 सितंबर 2026। उत्तराखंड में सख्त भू-कानून के तहत नैनीताल जिले में भूमि के निर्धारित प्रयोजन के विपरीत उपयोग के मामलों में कार्रवाई जारी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में न्यायालय उपजिलाधिकारी, नैनीताल ने सात प्रकरणों में कुल 1.822 हेक्टेयर यानी 91 नाली 01 मुट्ठी भूमि राज्य सरकार में निहित करने के आदेश पारित किए हैं।

प्रशासन के अनुसार, संबंधित भूमि धार्मिक एवं कृषि प्रयोजन के लिए क्रय की गई थी, लेकिन मौके पर निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उसका उपयोग नहीं किया जा रहा था। इन मामलों में उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950 की उत्तराखंड में यथाप्रवृत्त धारा 166/167 के तहत कार्रवाई की गई।

उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि राजस्व अभिलेखों और स्थलीय जांच में ग्राम कमड़ा, पट्टी मल्ली कुटौली तथा ग्राम शीतला, पट्टी मल्ली कुटौली में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा धार्मिक प्रयोजन के लिए कुल 1.562 हेक्टेयर भूमि क्रय किए जाने की जानकारी सामने आई। स्थलीय निरीक्षण के दौरान इन जमीनों पर कोई धार्मिक गतिविधि संचालित नहीं मिली और भूमि खाली पड़ी हुई थी।

इसी प्रकार ग्राम सतबूंगा, पट्टी सतबूंगा में कृषि प्रयोजन के लिए क्रय की गई 0.260 हेक्टेयर भूमि पर कृषि कार्य नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान भूमि बंजर अवस्था में मिली।

प्रशासन के अनुसार, संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने तथा आवश्यक अभिलेख और साक्ष्य प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया गया। इसके बाद क्रय की अनुमति, राजस्व अभिलेख, अनुमति की शर्तों, उपलब्ध साक्ष्यों और स्थलीय जांच रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।

जांच में भूमि का उपयोग उस विशिष्ट प्रयोजन के लिए नहीं किया जाना सामने आने के बाद न्यायालय उपजिलाधिकारी, नैनीताल ने सातों मामलों में संबंधित अंतरणों को विधि-विरुद्ध मानते हुए कुल 1.822 हेक्टेयर भूमि को समस्त भारों से मुक्त कर राज्य सरकार में निहित करने का आदेश दिया।

आदेश के अनुपालन में संबंधित राजस्व अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने और भूमि के संबंध में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई