नैनीताल जिला पंचायत कार्यालय के औचक निरीक्षण में अनियमितताएं उजागर, नक्शा प्रकरणों की जांच के निर्देश

SHARE:

नैनीताल जिला पंचायत कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय
नैनीताल जिला पंचायत कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय।

नैनीताल जिला पंचायत कार्यालय के औचक निरीक्षण में अनियमितताएं उजागर, जांच के निर्देश

नैनीताल, 01 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय नैनीताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों, विकास योजनाओं, वित्तीय प्रकरणों, नक्शा पास प्रक्रिया, कर वसूली, परिसंपत्तियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

निरीक्षण में केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं तथा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अपेक्षित उपयोग की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। वित्तीय वर्ष 2021-22 से विभिन्न मदों में प्राप्त करीब 17 से 18 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला योजना, सांसद निधि और विधायक निधि से संबंधित धनराशि एवं उसके उपयोग का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

नक्शा प्रकरणों में कमियां, जांच के निर्देश

भवन एवं नक्शा पास करने से संबंधित अभिलेखों की जांच में कुछ मामलों में आवश्यक तिथियां, हस्ताक्षर, शुल्क जमा होने के दस्तावेज और रसीदों से जुड़ी कमियां सामने आईं। सीडीओ ने इन प्रकरणों की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच पूरी होने तक जेई सहित तीन संबंधित कार्मिकों को अन्य कार्यालय में संबद्ध करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अभिलेखों के रखरखाव और उपस्थिति पर भी सवाल

डिस्पैच रजिस्टर में अनियमितता सामने आने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं कनिष्ठ एवं वरिष्ठ अभियंताओं से संबंधित करीब 50 से 55 पत्रावलियां कार्यालय से बाहर हल्द्वानी स्थित आवास पर रखे जाने की जानकारी मिलने पर भी गंभीरता से संज्ञान लिया गया।

कर्मचारियों की उपस्थिति और वर्ष 2026 में सीएल उपभोग से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा भी की गई। सीडीओ ने बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का पुनरीक्षण करने तथा अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

कर वसूली और परिसंपत्तियों की भी समीक्षा

जिला पंचायत की कर वसूली में कमी तथा रिपोर्ट समय से उपलब्ध नहीं कराने के मामले में नियमित समीक्षा और लंबित कर की प्रभावी वसूली के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुरानी लीज, जिला पंचायत परिसंपत्तियों, अवैध निर्माण और बिना पंजीकरण संचालित होम स्टे के मामलों की जांच के निर्देश दिए गए।

कूड़ा निस्तारण, सड़क, गड्ढों को भरने और निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निरीक्षण में सामने आए सभी बिंदुओं की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय में प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो तथ्य और जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई