
नैनीताल में पर्यटकों-श्रद्धालुओं का सैलाब, पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
कैंची धाम और नैनीताल में बढ़ा यातायात दबाव
नैनीताल, 3 अक्टूबर 2026। बड़े वीकेंड और श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते नैनीताल जनपद में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। इसके चलते नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंची धाम की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ा है। स्थिति को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, डायवर्जन प्वाइंट्स और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
3 और 4 अक्टूबर को विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर की शाम 5 बजे के बाद वन-वे व्यवस्था के तहत भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा। वहीं शाम करीब 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को लगभग तीन घंटे के लिए नियंत्रित किया जाएगा, ताकि बाहर निकलने वाले वाहनों का आवागमन सुचारु रखा जा सके।
4 अक्टूबर रविवार को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक
हल्द्वानी/काठगोदाम की ओर से नैनीताल, भीमताल एवं भवाली की ओर जाने वाले यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी।
शटल सेवा और पार्किंग का उपयोग करने की अपील
कैंची धाम एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से कार-पूलिंग और शटल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस, यातायात पुलिस, CPU और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने, गलत लेन एवं अनावश्यक ओवरटेक से बचने और वन-वे/डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
ऐसी ही हल्द्वानी और उत्तराखंड की ताजा खबरों के लिए TVN News Uttarakhand को Follow करें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







