
लालकुआं में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 218 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
लालकुआं। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है।
सुभाष नगर बैरियर के पास पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 56/26, धारा 8/21/60/29 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लाने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कथित तौर पर स्मैक बहेड़ी से खरीदी थी। पुलिस अब इस मामले में धारा 29 NDPS Act के तहत आगे की जांच कर रही है और स्मैक की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा, उम्र 36 वर्ष, निवासी सिरोली कला, जिला ऊधम सिंह नगर तथा मो. शफीक उर्फ शफी, उम्र 51 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 218.04 ग्राम स्मैक और अल्टो कार बरामद की है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







