नैनीताल में झोलाछाप डॉक्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई, DM ललित मोहन रयाल ने गठित कीं विशेष टीमें

SHARE:

 

नैनीताल DM ललित मोहन रयाल ने झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई के लिए टीमें गठित कीं

नैनीताल में अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन की सख्ती
हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026। जनपद नैनीताल में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीकरण के संचालित हो रहे दवाखानों, नीम-हकीमों और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना वैध चिकित्सकीय अर्हता एवं पंजीकरण के इलाज किया जा रहा है। अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा नाड़ी-नस देखने अथवा अन्य तरीकों से उपचार किए जाने से आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
नगरीय क्षेत्रों के लिए गठित समिति
नगरीय क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम, संबंधित उप जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक को समिति में शामिल किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा सघन अभियान
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संबंधित उप जिलाधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, नैनीताल, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक, संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा नामित ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत अधिकारी को समिति में शामिल किया गया है।
दोनों समितियां स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी। इस दौरान क्लीनिक संचालकों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण और औषधि लाइसेंस की जांच की जाएगी।
बिना प्रमाण पत्र के क्लीनिक मिलने पर सील और FIR
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैध प्रमाण पत्र के संचालित पाए जाने वाले क्लीनिक एवं प्रतिष्ठानों को तत्काल सील किया जाएगा। साथ ही दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा नीम-हकीमों और अवैध चिकित्सकों के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए होर्डिंग्स, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री को भी हटाया जाएगा। समितियों को अपने क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाने तथा दैनिक कार्रवाई की रिपोर्ट संबंधित उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई