
मल्ला चौफुला में सड़कें 20 फीट चौड़ी करने की मांग, आयुक्त दीपक रावत ने दिए स्थलीय जांच के निर्देश
हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026। नगर निगम हल्द्वानी के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला क्षेत्र में सड़क मार्गों के चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों ने जनहित में कॉलोनी के प्रमुख मार्गों को कम से कम 20 फीट चौड़ा किए जाने की मांग उठाई।
स्थानीय नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि मल्ला चौफुला कॉलोनी में पूर्व में कई सड़क मार्ग करीब 20 से 22 फीट चौड़े थे, लेकिन अतिक्रमण और अन्य कारणों के चलते वर्तमान में इनकी चौड़ाई घटकर लगभग 10 से 13 फीट रह गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरे मार्गों के कारण वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ आपात स्थिति में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
20 फीट सड़क चौड़ीकरण पर क्षेत्रवासियों ने जताई सहमति
क्षेत्रवासियों ने कहा कि वार्ड नंबर 37 में जिन मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण प्रस्तावित है, उन्हें कम से कम 20 फीट चौड़ा किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। नागरिकों ने यह भी कहा कि यदि सड़क चौड़ीकरण की जद में किसी व्यक्ति की बाउंड्रीवाल अथवा भूमि आती है, तो जनहित में उसे हटाने या तोड़े जाने पर भी उन्हें आपत्ति नहीं होगी।
स्थानीय लोगों ने आयुक्त दीपक रावत से मांग की कि क्षेत्र के मार्गों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कम से कम 20 फीट चौड़ा कराया जाए तथा उन्हें बंदोबस्ती में सम्मिलित करते हुए अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। नागरिकों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।
आयुक्त ने दिए स्थलीय जांच के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रकरण की जांच कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा है।
अब स्थलीय निरीक्षण और प्रशासन की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि मल्ला चौफुला क्षेत्र में किन मार्गों को कितनी चौड़ाई तक विकसित किया जा सकता है और अतिक्रमण हटाने को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







