
नैनीताल की कोसी नदी में 16 वर्षीय किशोर बहा, SDRF का सर्च अभियान जारी
नैनीताल, 08 अक्टूबर 2026। नैनीताल जिले के बेतालघाट तहसील क्षेत्र में कोसी नदी में एक 16 वर्षीय किशोर के बह जाने से हड़कंप मच गया। किशोर की तलाश में एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रही है।
उपजिलाधिकारी कैंची धाम अनुराग आर्य के अनुसार, 07 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब 1 बजे दीपक कुमार पुत्र भुवन चन्द्र, उम्र लगभग 16 वर्ष, निवासी ग्राम बिनकोट, तहसील बेतालघाट, अपने तीन दोस्तों के साथ ग्राम रोपा क्षेत्र में कोसी नदी के किनारे फोटो खींचने गया था।
इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दीपक कुमार नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए।
SDRF की टीम चला रही लगातार सर्च अभियान
सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश के लिए नदी में लगातार सर्च अभियान शुरू किया। तहसीलदार कैंची धाम भुवन चन्द्र भण्डारी अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और खोज एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से किशोर की तलाश के लिए अभियान जारी है। वहीं, पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने नदी किनारे जाने वालों से की अपील
प्रशासन ने आम जनता, विशेषकर युवाओं और पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के बाद भी नदियों का जलस्तर और बहाव कई स्थानों पर तेज है। ऐसे में नदी किनारे, चट्टानों तथा फिसलन वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने से बचें।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को नदी-नालों के किनारे अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







