
नैनीताल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 258 चालान, 73 वाहन सीज
नैनीताल। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने परमिट की शर्तों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 258 चालान किए और 73 वाहनों को सीज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशन में जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, सीपीयू हल्द्वानी, टीएसआई रामनगर सहित संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
नैनीताल पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 258 चालान किए गए। वहीं 73 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 72 मोटरसाइकिल भी शामिल हैं।
इसके अलावा 05 ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जबकि कार्रवाई के दौरान ₹47,000 का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
हल्द्वानी से नैनीताल तक यातायात नियमों पर सख्ती
पुलिस के अनुसार यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हल्द्वानी, भीमताल, भवाली, कैंचीधाम, नैनीताल और रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस और सीपीयू टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों एवं अपने वाहन के परमिट की सभी शर्तों का पालन करें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







