नैनीताल में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग शुरू, SSP मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 22 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान

SHARE:

नैनीताल में स्कूली वाहन चेकिंग अभियान तेज, बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त
हल्द्वानी/नैनीताल। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने जनपद में स्कूली वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक एक सप्ताह का विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्कूल बसों, स्कूल वैन, कैब और यात्री बसों की बारीकी से जांच की जा रही है।
यह अभियान उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
एसपी ट्रैफिक और एसपी हल्द्वानी की निगरानी में चेकिंग
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया जा रहा है। जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, यातायात निरीक्षक और प्रभारी सीपीयू हल्द्वानी को चेकिंग के लिए सक्रिय किया गया है।
पुलिस की टीमें स्कूलों में बच्चों को लाने और ले जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के साथ यात्री बसों की भी जांच कर रही हैं।

इन दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की हो रही जांच

विशेष अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की वैधता की जांच की जा रही है। इनमें वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र (RC), फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा पॉलिसी और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाया जाए।
वाहनों में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), प्राथमिक चिकित्सा किट (First Aid Box) और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी जांची जा रही है।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

नैनीताल पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस का यह अभियान स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई