जनगणना 2027: सांसद अजय भट्ट और DM ललित मोहन रयाल ने भरा स्व-गणना फॉर्म, नैनीताल में 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

SHARE:

जनगणना 2027 स्व-गणना अभियान के तहत सांसद अजय भट्ट और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नैनीताल में भरा ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म।

 

 

 

 

 

 

जनगणना 2027: सांसद अजय भट्ट और DM ललित मोहन रयाल ने भरा स्व-गणना फॉर्म, नैनीताल में 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

हल्द्वानी। जनगणना 2027 के तहत नैनीताल जिले में स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। सोमवार को सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और रामनगर नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरकर आमजन को भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से नागरिक अपने परिवार और आवास से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनेगी।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित समयावधि में अपने परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ स्व-गणना फॉर्म अवश्य भरें और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सही आंकड़े बेहद जरूरी हैं। जनगणना से प्राप्त जानकारी सरकार को विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद करती है।

16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया

जिला प्रशासन के अनुसार नैनीताल जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

इसके लिए नागरिकों को https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर राज्य और भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद निर्धारित मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से लॉगिन कर परिवार के सदस्यों का विवरण भरना होगा।

फॉर्म में पूछी जाएंगी 40 प्रकार की जानकारियां

स्व-गणना फॉर्म में परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा, निवास, दिव्यांगता सहित विभिन्न जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके अतिरिक्त आधार, वोटर आईडी, बैंक खाते, मोबाइल और अन्य दस्तावेजों से संबंधित जानकारी भी पूछी जाएगी।

फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा। जनगणना के दूसरे चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना 2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें।

जनगणना 2027 – आपकी जानकारी, देश का भविष्य।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई