हल्द्वानी में 216 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 64.80 लाख रुपये बताई गई कीमत; एसएसपी मंजूनाथ टीसी का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार

SHARE:

हल्द्वानी में 216 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 64.80 लाख रुपये कीमत की नशे की खेप बरामद

हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी में 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया तस्कर

मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों, एसओजी और एएनटीएफ को नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।

16 नवंबर 2026 को हल्द्वानी मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से कुल 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बुलंदशहर से खरीदकर हल्द्वानी लाया था स्मैक

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के किसी व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था।

हिमाचल प्रदेश में भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत विवरण जुटाया जा रहा है।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 392/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम को 2 हजार रुपये का इनाम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सहित एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, त्रिलोक रौतेला तथा कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू ओली शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई