
मुख्यमंत्री पोर्टल (CM Portal) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 मार्च 2026 को बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ0 मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा की गई।
बैठक में जनपद के संबंधित अधिकारी भौतिक रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री पोर्टल पर लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, तथ्यात्मक एवं संतोषजनक निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में डॉक्यूमेंटेशन पूर्ण एवं सही रखने तथा पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली आख्या (रिपोर्ट) को स्पष्ट एवं प्रमाणिक बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उनकी समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए एवं समाधान के पश्चात उनका फीडबैक अवश्य प्राप्त किया जाए। SSP ने दो टूक कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक के दौरान लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा सभी अधिकारियों को जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नैनीताल पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में डॉ0 जगदीश चंद्र (पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल), श्री मनोज कुमार कत्याल (पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी), श्री अमित कुमार सैनी (क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी), श्री सुमित पाण्डेय (क्षेत्राधिकारी रामनगर), श्री सुशील कुमार (प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर), श्री रोहिताश सागर (व0उ0नि0 हल्द्वानी), अ0उ0नि0 श्री सुरेन्द्र ऐरी (प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ), आशुलिपिक एवं पीआरओ उपस्थित रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






