एसएसपी नैनीताल का थाना बेतालघाट में वार्षिक निरीक्षण, उत्कृष्ट शस्त्र संचालन पर पुलिसकर्मी सम्मानित

SHARE:

एसएसपी नैनीताल का थाना बेतालघाट में वार्षिक निरीक्षण, उत्कृष्ट शस्त्र संचालन पर पुलिसकर्मी सम्मानित

बेतालघाट। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को थाना बेतालघाट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द की उच्च स्तरीय प्रस्तुति एवं पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट टर्नआउट पर एसएसपी ने गार्द को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एसएसपी ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्य, भोजनालय, बैरक एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, लंबित विवेचनाएं, हिस्ट्रीशीटर एवं शिकायत पंजिका को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को शस्त्र खोलने एवं जोड़ने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया, जिसमें हेड मोहर्रिर शेर सिंह और कांस्टेबल दीपक सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों को एसएसपी ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जिन कर्मचारियों को शस्त्र संचालन में अधिक समय लगा, उनके लिए पुलिस लाइन नैनीताल में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को जनता से विनम्र व्यवहार, त्वरित रिस्पॉन्स और साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
एसएसपी ने थाना परिसर में निर्माणाधीन भवन कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वार्षिक निरीक्षण के बाद आयोजित कर्मचारी सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
इसके अतिरिक्त थानाध्यक्ष बेतालघाट को जुआ अधिनियम एवं आबकारी अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने, सत्यापन अभियान तेज करने तथा आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *