हाईस्पीड अपाचे पर चेन स्नैचिंग करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, SSP मंजूनाथ टीसी की सख्ती से खुला मामला
हल्द्वानी में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दबोच लिया।
घटना 08 मई 2026 को भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में हुई थी, जहां बाइक सवार बदमाश ने महिला से सोने की चेन छीन ली थी। मामले में 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम निवासी सीबीगंज बरेली के रूप में हुई।
19 मई 2026 को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे RR 310 बाइक, अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बरेली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी गुजरात पुलिस और रुद्रपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो चुका है। बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम में अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







