हल्द्वानी में नशामुक्ति केंद्र पर प्रशासन का छापा, लाइसेंस और पुलिस सत्यापन में मिली बड़ी खामियां
हल्द्वानी, 30 मई 2026। हल्द्वानी में साईं कृपा ट्रस्ट द्वारा संचालित नशामुक्ति केंद्र का शनिवार को उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में क्षेत्राधिकारी (CO), एसीएमओ नैनीताल और औषधि निरीक्षक शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान केंद्र के अभिलेखों, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि संस्थान के पास नियमित लाइसेंस उपलब्ध नहीं है और केंद्र वर्तमान में प्रोविजनल लाइसेंस के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा केंद्र में कार्यरत पांच कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी पूरा नहीं मिला।
संयुक्त टीम ने केंद्र की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जिसमें कई कमियां सामने आईं। संस्थान प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने और आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्ति केंद्रों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। उपचाररत व्यक्तियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के आधार पर तैयार विस्तृत जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को भेजी जा रही है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







