हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार
हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह युवतियों को रेस्क्यू करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर AHTU और हल्द्वानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस्तेमालशुदा और सील पैक कंडोम, नकदी तथा एंट्री रजिस्टर बरामद किए। रेस्क्यू की गई युवतियों को काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पा सेंटर की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि संचालक राहुल जायसवाल को मुकदमे में नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







