नशे के खिलाफ हल्द्वानी में गूंजा जनसंकल्प, युवाओं को नशामुक्त भारत बनाने का दिया संदेश

SHARE:

नशे के खिलाफ हल्द्वानी में गूंजा जनसंकल्प, युवाओं को नशामुक्त भारत बनाने का दिया संदेश

हल्द्वानी। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 17 जून से 26 जून तक मनाए जा रहे नशा मुक्त सप्ताह के तहत शनिवार को मंगलम बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में समाज कल्याण विभाग द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण विभाग के निर्देशक संजय कुमार ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है, जो समाज और राष्ट्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सभी नागरिकों और युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त भारत- विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की।

नशा मुक्त भारत समिति के सदस्य नारायण सिंह डांगी और आर.पी. पंत ने नशे के दुष्प्रभावों एवं उसकी रोकथाम पर अपने विचार रखते हुए समाज को सजग और जागरूक रहने का आह्वान किया।

सुशीला तिवारी अस्पताल के मनोवैज्ञानिक डॉ. युवराज पंत ने कहा कि नशे से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, प्राणायाम और संतुलित खानपान को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा नशे की प्रवृत्ति से बचा जा सकता है।

उपनिदेशक समाज कल्याण जगमोहन सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ते नशे के खतरे को रोकने के लिए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी होगी। योग, व्यायाम और पौष्टिक आहार युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान देवभूमि अकादमी हल्द्वानी के छात्र-छात्राओं तथा आंचल कला केंद्र के सांस्कृतिक दल ने प्रेरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के खिलाफ समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई