SIR-2026: नैनीताल में 2.35 लाख नोटिस जारी, 69,318 मतदाताओं की सुनवाई पूरी; 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
हल्द्वानी, 17 अगस्त 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत नैनीताल जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में SIR की प्रगति की समीक्षा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि जिले में 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 2,30,222 नोटिस मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। अब तक 69,318 मतदाताओं के नोटिस पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
जिले की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। तकनीकी जांच में 1,88,054 Anomaly और 47,031 No Mapping प्रकरण चिन्हित किए गए हैं, जिनकी नियमानुसार जांच और सुनवाई की जा रही है।
SIR के तहत अब तक फॉर्म-6 के 12,450, फॉर्म-7 के 11,599 और फॉर्म-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार दावे-आपत्तियों और नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया 11 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि नाम जुड़वाने, हटाने अथवा मतदाता सूची में किसी विवरण को संशोधित कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


