
मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस मुस्तैद, भीड़ और यातायात पर पैनी नजर
नैनीताल, 19 सितंबर 2026। नैनीताल में आयोजित मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव 2026 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस द्वारा मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों द्वारा मेला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्राण प्रतिष्ठा के बाद मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुगम दर्शन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र से निगरानी
मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम एवं खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। यहां से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी बच्चे, बुजुर्ग या अन्य व्यक्ति के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में खोया-पाया केंद्र के माध्यम से उन्हें सुरक्षित मिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी भी की जा रही है।
यातायात व्यवस्था पर नैनीताल पुलिस की विशेष नजर
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें, बच्चों एवं बुजुर्गों को अपने साथ रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखें। पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की गई है।
मां नंदा-सुनंदा के सुरक्षित और सुगम दर्शन के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







