
नैनीताल। चीना पीक में लापता युवक अर्णव की तलाश में नैनीताल पुलिस, SDRF, वन विभाग, डॉग स्क्वैड और ड्रोन टीमों का संयुक्त रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। चीना पीक के घने और दुर्गम जंगलों में पुलिस की टीमें दिन-रात कॉम्बिंग कर रही हैं, ताकि लापता युवक को सकुशल बरामद किया जा सके।
SSP के निर्देशन में चल रहा है बड़ा सर्च ऑपरेशन
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में यह पूरा अभियान चलाया जा रहा है। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन एवं सीओ नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा रहा है। मौके पर प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल श्री राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस की रेस्क्यू टीमें लगातार चीना पीक के जंगल क्षेत्र में गहन छानबीन कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, जंगल बेहद घना और दुर्गम है। इसी वजह से ड्रोन टीमों से हवाई सर्वे कराया जा रहा है, जबकि डॉग स्क्वैड की मदद से जमीन पर हर संभावित रास्ते, खाई और झाड़ियों की तलाशी ली जा रही है। वन विभाग की टीमें भी स्थानीय भौगोलिक जानकारी के आधार पर सर्च में सहयोग कर रही हैं।
6 नवंबर की शाम से लापता है अर्णव कुमार सिंह
गुमशुदा युवक की पहचान अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ नैनीताल घूमने आया था। दिनांक 06.11.2026 को चीना पीक घूमने के दौरान शाम लगभग 5:00 बजे से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक मल्लीताल श्री दिनेश जोशी, थाना पुलिस, SDRF, वन विभाग, डॉग स्क्वैड और ड्रोन टीमें क्षेत्र को खंगालने में जुट गईं। तब से सघन सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस युवक के साथियों से भी पूछताछ कर रही है और अंतिम लोकेशन के आसपास के इलाकों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
पुलिस की जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को लापता युवक अर्णव कुमार सिंह के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल नीचे दिए गए नंबरों पर सूचित करें:
कोतवाली मल्लीताल: 05942-2352424
प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल: 9411112869
पुलिस कंट्रोल रूम नैनीताल: 9411112979
पुलिस का कहना है कि छोटी सी जानकारी भी इस रेस्क्यू अभियान में बड़ी मदद साबित हो सकती है। चीना पीक क्षेत्र में घूमने आने वाले पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







