शांतिपूर्ण वार्ता से सुलझा श्रमिक आंदोलन, 27 उपद्रवी तत्वों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

SHARE:

शांतिपूर्ण वार्ता से सुलझा श्रमिक आंदोलन, 27 उपद्रवी तत्वों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

जनपद नैनीताल स्थित औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों द्वारा चल रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर आज दिनांक 21 अप्रैल 2026 को पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, उपजिलाधिकारी (SDM) एवं सहायक श्रम आयुक्त (ALC) की मौजूदगी में प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता सम्पन्न हुई।
वार्ता के उपरांत श्रमिकों की अधिकांश मांगों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर लिया गया, जिससे श्रमिक संतुष्ट नजर आए। शेष दो मांगें विभागीय स्तर से संबंधित होने के कारण संबंधित विभाग द्वारा उन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिन पर शीघ्र सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।
यह उल्लेखनीय है कि पूरे आंदोलन के दौरान श्रमिकों द्वारा शांतिपूर्ण एवं संयमित तरीके से धरना-प्रदर्शन किया गया, जो उत्तराखंड की शांतिप्रिय परंपरा को दर्शाता है। यह आंदोलन इस बात का उदाहरण है कि संवाद और सहमति के माध्यम से समस्याओं का समाधान संभव है।
इसी दौरान कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा श्रमिकों को भड़काने, अफवाह फैलाने एवं औद्योगिक क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने समय रहते पर्याप्त बल तैनात कर विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखा।
पुलिस द्वारा ऐसे 27 अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही एक मुख्य सूत्रधार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनपद नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा, उग्रता, दंगा-फसाद या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने के प्रयास को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *