
नैनीताल में होम स्टे पर बड़ा एक्शन: 197 में से 169 में मिली गड़बड़ी, 44 बिना पंजीकरण संचालित
नैनीताल/हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन ने सोमवार को होम स्टे और गेस्ट हाउसों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जिलेभर में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की टीमों ने 197 होम स्टे का औचक निरीक्षण किया, जिसमें 169 होम स्टे नियमों के विपरीत संचालित पाए गए।
प्रशासनिक जांच में 44 होम स्टे बिना पंजीकरण के संचालित मिले, जबकि 125 होम स्टे उत्तराखंड होम स्टे नियमावली-2015 के मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। निरीक्षण में पार्किंग की कमी, स्वामी का मौके पर निवास न होना, निजी किचन की अनुपलब्धता और बाहरी लोगों द्वारा संचालन जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
नैनीताल शहर में एसडीएम नवाजिश खलिक और राजस्व पुलिस की टीम ने तल्लीताल, बूचड़खाना, प्राणी उद्यान मार्ग और मल्लीताल क्षेत्र में 16 होम स्टे की जांच की। सभी में नियमों के उल्लंघन पाए गए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार देना और पर्यटन को बढ़ावा देना है, लेकिन कई स्थानों पर बाहरी लोग व्यावसायिक रूप से संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू बिजली-पानी कनेक्शन का उपयोग कर टैक्स चोरी और जीएसटी नियमों की अनदेखी से सरकार को राजस्व नुकसान हो रहा है।
प्रशासन अब 169 होम स्टे संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगेगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







