नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर बांट रहे गणना फॉर्म
नैनीताल, 8 जून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नैनीताल जनपद में सोमवार से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अभियान की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को ईआरओ द्वारा गणना फॉर्म उपलब्ध कराकर की गई।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं से फॉर्म भरवाकर उनका सत्यापन करेंगे तथा जानकारी को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही बताया कि घर पर उपलब्ध न होने वाले मतदाता ECI-Net ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से “Book a Call with BLO” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







