कैंचीधाम मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज जन्मोत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

SHARE:

कैंचीधाम मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज जन्मोत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

कैंचीधाम/नैनीताल, 09 जून 2026।
बाबा नीब करौरी महाराज के 15 जून को होने वाले जन्मोत्सव एवं कैंचीधाम मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने सभी विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सौंपे गए कार्य समयबद्ध और पूरी निष्ठा से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मेले के दिन इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर सामान्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
प्रशासन ने पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका भवाली एवं जिला पंचायत को संयुक्त रूप से सफाई व्यवस्था संभालने, पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात करने तथा मोबाइल टॉयलेट लगाने को कहा गया है। पूरे मेला क्षेत्र से प्रतिदिन कई बार कूड़ा उठान भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तीन दिनों तक मेडिकल टीम और दो एम्बुलेंस तैनात रखने की व्यवस्था की गई है। वहीं विद्युत विभाग, वन विभाग, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में मंदिर समिति, व्यापार मंडल, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई