आर्मी कैंट में घुसा संदिग्ध निकला 4 महीने से लापता युवक, हल्द्वानी पुलिस ने साइबर तकनीक से परिवार से मिलाया
हल्द्वानी। आर्मी कैंट के प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया एक व्यक्ति हल्द्वानी पुलिस की सतर्कता और साइबर तकनीक की मदद से चार महीने से लापता युवक निकला। पुलिस ने नेटग्रिड और तकनीकी जांच के जरिए उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बलरामपुर निवासी 36 वर्षीय इरफान के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आर्मी कैंट राजपुरा में दीवार फांदकर प्रवेश करने पर सेना के जवानों ने युवक को पकड़कर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ और अपना नाम केवल इरफान बता पाया।
अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के निर्देश पर साइबर तकनीक और नेटग्रिड के माध्यम से उसकी पहचान की गई। इसके बाद बलरामपुर डीसीआर से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी गई। परिवार ने बताया कि इरफान करीब साढ़े तीन से चार महीने पहले गोरखपुर में इलाज के दौरान लापता हो गया था।
हल्द्वानी पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से अब इरफान अपने परिवार से मिल सकेगा। परिजनों ने नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया है। इस सराहनीय कार्य में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर और साइबर सेल के कांस्टेबल नरेंद्र धामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






