नैनीताल पुलिस का सुपरफास्ट एक्शन: 15 मिनट में मौके पर पहुंची टीम, 30 मिनट में खोला जाम, कमिश्नर ने की तारीफ

SHARE:

नैनीताल पुलिस का सुपरफास्ट एक्शन: 15 मिनट में मौके पर पहुंची टीम, 30 मिनट में खोला जाम, कमिश्नर ने की तारीफ

हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर आज 02 अगस्त 2026 को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रूसी बाईपास बल्दियाखान के पास हल्द्वानी रोड पर अचानक एक विशाल पेड़ गिरने से पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना 112 आपातकालीन सेवा पर मिलते ही नैनीताल पुलिस ने जिस तेज रिस्पॉन्स का प्रदर्शन किया, उसकी पूरे कुमाऊं में चर्चा हो रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल एक्शन लेते हुए संबंधित इकाइयों को अलर्ट किया। खुद एस.पी. संचार नैनीताल श्री रेवाधर मठपाल ने कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। उन्होंने सभी विभागों – पुलिस, फायर सर्विस और SDRF के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लगातार मॉनिटरिंग की।

जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही कोतवाली तल्लीताल पुलिस टीम, फायर सर्विस मल्लीताल, SDRF की टीम और फाइटर-मल्लीताल की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। साथ ही आपदा कंट्रोल रूम को भी सूचित कर दिया गया।

पुलिस की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 15 मिनट के भीतर संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 30 मिनट के भीतर गिरे हुए पेड़ को हटाकर मार्ग को वन-वे यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया।

कोतवाली तल्लीताल मोबाइल द्वारा कंट्रोल रूम को मार्ग खुलने की पुष्टि दी गई, जिसके बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। नैनीताल-हल्द्वानी रोड पर जाम लगने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी।

इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई पर कुमाऊँ कमिश्नर श्री दीपक रावत ने कंट्रोल रूम, कोतवाली तल्लीताल पुलिस और फायर टीम के बेहतरीन रिस्पॉन्स टाइम की सराहना की है। उन्होंने टीमों की कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपदा के समय ऐसा ही रिस्पॉन्स अपेक्षित है।

नैनीताल पुलिस ने अपील की है कि आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 112 पर सूचना दें, पुलिस 24×7 सहायता के लिए तत्पर है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई